मोदी के 6 मंत्रियों का इस्तीफा, मप्र से प्रहलाद पटेल या राकेश सिंह को मिल सकता है मौका

565 By 7newsindia.in Fri, Sep 1st 2017 / 07:53:35 प्रशासनिक     

नई दिल्ली: मोदी कैबिनेट के आखिरी बड़े विस्तार से पहले गुरुवार देर रात 6 केंद्रीय मंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए। इनमें यूपी से उमा भारती, कलराज मिश्र, संजीव बालियान, महेंद्रनाथ पांडेय, बिहार से राजीव प्रताप रूडी और आंध्र प्रदेश से निर्मला सीतारमण शामिल हैं। बिहार से राधा मोहन सिंह और मप्र से फग्गन सिंह कुलस्ते से भी इस्तीफा मांगा गया है। पर देर रात तक साफ नहीं हो पाया कि इन्होंने इस्तीफा दिया या नहीं। इससे पहले दिन मेंं ये सभी मंत्री पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मिले थे। फिर रात को संगठन महासचिव रामलाल को इस्तीफे सौंप दिए। कुछ और मंत्रियों के इस्तीफों की भी संभावना है। अभी तय नहीं है कि नए मंत्री कब शपथ लेंगे। पर प्रधानमंत्री 3 सितंबर को चीन रवाना हो रहे हैं। इसलिए रविवार दोपहर से पहले शपथ ग्रहण समारोह की संभावना है। मप्र से प्रहलाद पटेल (दमोह) या राकेश सिंह (जबलपुर) में से एक को मंत्री बनाया जा सकता है। मणिपुर चुनाव के समय प्रभारी रहे पटेल को इनाम की ज्यादा संभावना है।

Image result for मोदी के 6 मंत्रियों का इस्तीफा

  • तीन फॉर्मूलों से तय हुआ हटाना-लाना और कद बढ़ाना-घटाना 
  • नए मंत्री 6 राज्यों से संभव 
  • इस्तीफा देने वाले 4 यूपी से, 1 बिहार का 
  • उमा भारती, कलराज मिश्र, राजीव प्रताप रूडी, संजीव बालियान, महेंद्रनाथ पांडेय, निर्मला सीतारमण का इस्तीफा 
  • सरकार का तीसरा फेरबदल, विस्तार का सबसे बड़ा रोमांच 
  • कुलस्ते, राधामोहन से भी इस्तीफा मांगा, रविवार तक शपथ ले सकते हैं नए मंत्री 

रेलवे नितिन गडकरी को नहीं दिया तो बच सकते हैं सुरेश प्रभु पीयूष गोयल और धर्मेंद्र प्रधान काे मिल सकता है प्रमोशन 

स्मृति ईरानी से कपड़ा मंत्रालय लेकर सूचना प्रसारण बरकरार रखा जा सकता है। विनय सहस्रबुद्धे को पर्यावरण में लाने की संभावना है। सुरेश प्रभु, राधामोहन सिंह, राजीव प्रताप रूडी हटाए जा सकते हैं। गडकरी ने रेलवे को मिलाकर चीन की तर्ज पर ट्रांसपोर्ट विभाग बनाने का प्रजेंटेशन दिया था। ऐसा हुआ तो प्रभु जाएंगे। 

पीयूष गोयल और धर्मेंद्र प्रधान को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। साथ ही इन्हें संगठन में भी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। अरुण जेटली रक्षा मंत्री का पद छोड़ेंगे। असम के मंत्री हेमंत बिस्वा सरमा को रक्षा राज्यमंत्री बनाया जा सकता है। शिवसेना से अनिल देसाई को सरकार में जगह मिल सकती है। 


  • जिन राज्यों में चुनाव हो गए, वहां से मंत्री कम कर चुनाव वाले राज्यों से मंत्रिमंडल में लाया जाए। 
  • जिन मंत्रियों का परफॉर्मेंस ठीक नहीं रहा उनकी छंटनी हो। एक्टिव नेताओं को जगह मिले। 
  • जिनमें संगठनात्मक क्षमता है, उन्हें 2019 के आम चुनाव से पहले संगठन में लाया जाए। 
तमिलनाडु: अन्नाद्रमुक से थंबीदुरई और मैत्रेयन का कैबिनेट मंत्री बनना तय है। इसके साथ ही समझौते के मुताबिक इस पार्टी से दो राज्य मंत्री भी बनाए जाएंगे। 
हिमाचल प्रदेश: धूमल या उनके बेटे अनुराग ठाकुर आ सकते हैं। साल के अंत में विस चुनाव जेपी नड्‌डा के नेतृत्व में लड़ने की योजना। ऐसे में नड्‌डा का जाना तय। 
उत्तरप्रदेश: 4 मंत्रियों की छुट्‌टी हुई है। पर प. यूपी से संजीव बालियान की जगह मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर और बागपत के सांसद सत्यपाल सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है। 
कर्नाटक: सुरेश अंगाड़ी लिंगायत समुदाय तो शोभा करंदलाजे वोकालिंगा समुदाय से हैं। अगले साल मई के चुनाव में लिंगायत और वोकालिंगा दोनों की भूमिका अहम होगी। 
गुजरात: भावनगर की सांसद भारती स्याल मंत्री बन सकती हैं। वह राज्य में ओबीस चेहरा हैं और इस साल के अंत तक गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। 

भूपेंद्र यादव और राम माधव को कैबिनेट में जगह संभव। हालांकि, यादव की जरूरत संगठन में ज्यादा बताई जा रही है। 
पीएमओ ने कार्मिक विभाग को 6 अफसरों को 1 सितंबर सुबह 9 से 11 बजे या 2 सितंबर शाम 5-7 बजे तक तैयार रखने को कहा है। राष्ट्रपति 1 सितंबर को आंध्र जा रहे हैं। 2 की दोपहर लौटेंगे। ऐसे में शुक्रवार सुबह से रविवार दोपहर तक कभी भी शपथ ग्रहण हो सकता है। 

 

 

Similar Post You May Like

ताज़ा खबर