नारायण विहार कॉलोनी में हुई दु:खद दुर्घटना पर श्रीमती माया सिंह ने गुजरात की जयंती सुपर कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से चार-चार लाख रूपए की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की

526 By 7newsindia.in Wed, Jan 24th 2018 / 20:54:32 कानून-अपराध     

ग्वालियर: नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने नारायण विहार कॉलोनी में हुई दु:खद दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नारायण विहार कॉलोनी में बुधवार को अमृत योजना के तहत डाली जा रही सीवर लाईन की मिट्टी धसकने से गुजरात निवासी दो श्रमिकों की मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद श्रीमती माया सिंह जेएएच परिसर स्थित शव-परीक्षण गृह पहुँचीं और मृतक श्रमिकों के परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही अमृत योजना का काम कर रही गुजरात की जयंती सुपर कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से चार-चार लाख रूपए की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की। इसमें से एक – एक लाख रूपए की राशि नगद दी है और शेष तीन – तीन लाख रूपए की राशि उनके बैंक खातों में पहुँचाई जायेगी। 

मंत्री श्रीमती माया सिंह ने मृतक श्रमिकों के शवों और उनके परिजनों को अलग-अलग वाहनों से गुजरात जिले के दाहोद जिले में स्थित उनके गृह ग्रामों के लिये रवाना कराया। नगर निगम व कंपनी के कर्मचारी भी मदद के लिये उनके साथ गए हैं। दाहोद जिले के कलेक्टर और विधायक से भी श्रीमती माया सिंह ने टेलीफोन से चर्चा की और सुविधाजनक तरीके से इन दोनों श्रमिकों के शव उनके गाँव तक पहुँचाने के लिये कहा। उन्होंने मृतक श्रमिकों के आश्रितों को जल्द से जल्द बीमा की राशि दिलाने के निर्देश भी दिए। निर्माण कंपनी की ओर से इन दोनों श्रमिकों का 10 – 10 लाख रूपए का बीमा है। श्रीमती माया सिंह ने इस घटना की प्रशासकीय जाँच कराने के निर्देश भी दिए हैं। 

नारायण विहार कॉलोनी में हुई दु:खद दुर्घटना में गुजरात के दाहोद जिले के ग्राम महूरी निवासी नीनामा कालूभाई और दाहोद जिले के ही ग्राम कदम्बा निवासी कलसिंह की मृत्यु हो गई। मंत्री श्रीमती माया सिंह ने स्व. कालूभाई की पत्नी श्रीमती रेवली और स्व. कलसिंह की पत्नी श्रीमती हकली को गले लगाकर ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से इस दु:ख की घड़ी में मृतकों के परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। 

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। 

Similar Post You May Like

ताज़ा खबर